करगिल के अमर वीरों को विचक्षण जैन विद्यापीठ का नमन, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा परिसर

 करगिल के अमर वीरों को विचक्षण जैन विद्यापीठ का नमन, देशभक्ति के रंग में रंगा पूरा परिसर

नाट्य मंचन, कविता, भाषण और समूह नृत्य से विद्यार्थियों ने शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प

कुम्हारी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर विचक्षण जैन विद्यापीठ, कुम्हारी में शनिवार को श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला, जहां विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने कारगिल युद्ध के अमर वीरों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन एवं नवकार मंत्र के मंगलाचरण के साथ हुआ। विद्यालय के प्राचार्य श्री ए. पी. सिंह ने स्वागत उद्बोधन में कारगिल युद्ध के शहीदों के अद्वितीय पराक्रम का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिक सदैव देशवासियों के प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव के साथ जीवन जीने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री ओ. पी. सिंह तथा विशिष्ट अतिथि श्री अखिलेश सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधनों में कारगिल युद्ध के वीर जवानों के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के उन अमर वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कारगिल युद्ध पर आधारित नाट्य मंचन ने वीर सैनिकों की बहादुरी और संघर्ष को जीवंत कर दिया, जबकि हिंदी कविता पाठ और अंग्रेजी भाषण ने देशप्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक समूह नृत्य ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से विद्यालय परिसर गूंज उठा।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने कारगिल के अमर शहीदों को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और देशसेवा की भावना को मजबूत करते हैं तथा उन्हें एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।