खुर्सीपार में जुए के बड़े फड़ पर पुलिस का शिकंजा: 14 आरोपी गिरफ्तार, ₹3.27 लाख की नकदी व सामान जब्त


काली मंदिर के पीछे मकान में चल रहा था अवैध जुआ, थाना खुर्सीपार और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई
भिलाई। दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुर्सीपार पुलिस एवं एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केएलसी क्षेत्र स्थित काली मंदिर के पीछे एक मकान में संचालित अवैध जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 14 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹77,650 नकद, 14 मोबाइल फोन और ताश की गड्डी सहित कुल ₹3,27,650 मूल्य की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि केएलसी स्थित काली मंदिर के पीछे एक मकान में बड़ी संख्या में लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना खुर्सीपार पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से मौके की घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन टीम ने सभी आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से ₹77,650 की नकदी, 52 पत्ती ताश तथा विभिन्न कंपनियों के 14 टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत ₹2.50 लाख बताई गई है। कुल मिलाकर पुलिस ने ₹3,27,650 की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जिस मकान में जुआ संचालित किया जा रहा था, उसके संबंध में भी पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- मनोज कुमार (39 वर्ष), जोन-2, खुर्सीपार
- राजीव कुमार (22 वर्ष), मछली मार्केट, खुर्सीपार
- एम. राजू (36 वर्ष), बालाजी नगर, खुर्सीपार
- सूरज महतो (29 वर्ष), एचएससीएल कॉलोनी, खुर्सीपार
- जी. गौतम (29 वर्ष), सड़क-38, खुर्सीपार
- किशोर कुमार साहू (31 वर्ष), मछली मार्केट, खुर्सीपार
- शिवा राव (34 वर्ष), जोन-2, खुर्सीपार
- विकास गुप्ता (29 वर्ष), बापू नगर, खुर्सीपार
- दिनेश बाग (35 वर्ष), बैरागी मोहल्ला, छावनी
- अनिल (46 वर्ष), पावर हाउस, छावनी
- पवन कुमार (29 वर्ष), बापू नगर, खुर्सीपार
- राजा (27 वर्ष), बापू नगर, खुर्सीपार
- सैनी कुमार (37 वर्ष), इंदिरा पारा, पुरानी भिलाई
- मंजीत सिंह (48 वर्ष), काली मंदिर के पीछे, खुर्सीपार
जब्त सामग्री
- नकद राशि – ₹77,650
- 52 पत्ती ताश
- 14 टच स्क्रीन मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹2,50,000)
कुल जब्ती मूल्य – ₹3,27,650
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
इस कार्रवाई में थाना खुर्सीपार पुलिस एवं एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। त्वरित सूचना संकलन, प्रभावी घेराबंदी और योजनाबद्ध छापेमारी के कारण पुलिस ने बिना किसी बाधा के आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को सफल बनाया।
नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

