कुम्हारी में ट्रेलर से दो बैटरियां चोरी, 12 हजार रुपये का नुकसान

 कुम्हारी में ट्रेलर से दो बैटरियां चोरी, 12 हजार रुपये का नुकसान

कुम्हारी। दुर्ग-रायपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा कुम्हारी के आगे चाय दुकान के पास खड़े ट्रेलर से अज्ञात चोरों ने दो बैटरियां चोरी कर लीं। चोरी गई बैटरियों की कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत पर कुम्हारी पुलिस ने धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविंद्र साव, निवासी उरकुरा रोड, गोयल कॉम्प्लेक्स के पास रायपुर, पिताम्बरा लॉजिस्टिक्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड में ट्रेलर चालक हैं। वह ट्रेलर क्रमांक CG-04-MM-7112 लेकर 23 अगस्त को बिलासपुर से कोयला भरकर भिलाई पहुंचे थे। भिलाई स्थित टापवर्थ स्टील प्लांट में कोयला खाली करने के बाद वह रात में ट्रेलर लेकर रायपुर की ओर रवाना हुए।रात करीब 10:25 बजे दुर्ग-रायपुर रोड पर कुम्हारी टोल प्लाजा के आगे चाय दुकान के पास चालक को नींद आने लगी। इसके बाद उन्होंने ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा किया और वाहन में ही सो गए।

अगली सुबह करीब 4 बजे जब रविंद्र साव ने ट्रेलर स्टार्ट करने का प्रयास किया तो वाहन में लगी दोनों बैटरियां गायब मिलीं। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर ट्रेलर में लगी एक्साइड कंपनी की दो पुरानी बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 12,000 रुपये है, चोरी कर ले गए।चालक ने घटना की जानकारी तत्काल कंपनी के इंचार्ज जितेंद्र जायसवाल को मोबाइल फोन के माध्यम से दी। इसके बाद इंचार्ज के साथ थाना कुम्हारी पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

कुम्हारी पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरी की गई बैटरियों और आरोपी की तलाश में जुटी है।