जंजगिरी मोड़ के पास खड़े ट्रक से तीन बैटरियां और कार्टुन चोरी

 जंजगिरी मोड़ के पास खड़े ट्रक से तीन बैटरियां और कार्टुन चोरी

कुम्हारी। जंजगिरी मोड़ के पास पंजाबी ढाबे में खाना खाने गए ट्रक चालक के वापस लौटने पर ट्रक से तीन नई बैटरियां और चार कार्टुन चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 18 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कुम्हारी पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2)-BNS के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता जैनुद्दीन, जो कक्षा 9वीं तक पढ़े हैं और ट्रक ड्राइवरी का काम करते हैं, 20 अगस्त 2026 को महाराष्ट्र के पुणे स्थित शिव लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट से छह चक्का ट्रक क्रमांक MH-40-CD-5247 में माल लोड कर अंबिकापुर के लिए रवाना हुए थे।24 अगस्त की रात जंजगिरी मोड़ के पास उन्होंने ट्रक खड़ा किया और खाना खाने के लिए पंजाबी ढाबे में चले गए। खाना खाने के बाद करीब रात 12:30 से 1 बजे के बीच जब वे वापस ट्रक के पास पहुंचे तो ट्रक में लोड सैनी कंपनी की तीन नई बैटरियां, तीन सील पैक लकड़ी के कार्टुन और एक अन्य कार्टुन गायब मिला।

चालक ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी गए सामान या संदिग्ध व्यक्ति का कोई पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी प्रगति ट्रांसपोर्ट के मालिक प्रदीप शर्मा को दी गई और कुम्हारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।