पुरैना CISF गेट के पास वाहन में पीछे से मारी टक्कर, चालक से गाली-गलौज और मारपीट

 पुरैना CISF गेट के पास वाहन में पीछे से मारी टक्कर, चालक से गाली-गलौज और मारपीट

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पुरैना CISF गेट के पास सड़क हादसे के बाद वाहन चालक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, भूपेंद्र गोसाईं ड्रायवरी का काम करते हैं। 25 अगस्त 2026 को वे वाहन क्रमांक CG07DA0257 से लोको पायलट को छोड़ने पीपी यार्ड भिलाई जा रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे वे पुरैना CISF गेट के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पुरैना बस्ती की ओर से आ रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG07CY5218 के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद भूपेंद्र ने वाहन रोककर नीचे उतरकर देखा तो उनकी गाड़ी के पिछले हिस्से में क्षति हुई थी। उन्होंने मोटरसाइकिल सवार युवकों से वाहन देखकर चलाने की बात कही। इसी बात को लेकर मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, एक युवक ने हाथ में पहने कड़े से भी हमला किया।मारपीट में भूपेंद्र के सिर, दाईं आंख के पास और बाएं कंधे में चोट आई है। घटना को आसपास मौजूद लोगों द्वारा देखे और सुने जाने की बात शिकायत में कही गई है। भूपेंद्र ने घटना की जानकारी अपने भाई प्रवीण गोसाईं और पिता श्रीराम गोसाईं को भी दी।

शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई पुलिस ने धारा 184-LKS, 115(2)-BNS, 281-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS एवं 351(3)-BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना में शामिल तीनों आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।