जय अवंति लोधी क्षत्रिय समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह, 205 मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान
पांचवें वर्ष आयोजित हुआ छत्तीसगढ़ स्तरीय प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह, पाटन क्षेत्र के होनहार विद्यार्थियों ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी/दुर्ग। जय अवंति लोधी क्षत्रिय समाज द्वारा रविवार, 23 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ स्तरीय प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। लगातार पांचवें वर्ष आयोजित इस समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों के मेधावी एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं, 12वीं सहित लोधी विद्या मंदिर के नर्सरी से कक्षा 10वीं तक के कुल 205 प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती यशोदा नीलाम्बर वर्मा ने लोधेश्वर महादेव एवं वीरांगना अवंति बाई लोधी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोधी समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री कमलेश्वर वर्मा ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ लोधी समाज के महामंत्री श्री घनश्याम कौशिक उपस्थित रहे।
समारोह में जय अवंति लोधी क्षत्रिय समाज स्टेशन रोड लोधी पारा इकाई के श्री गिरवर चंदेल, श्री अमर जंघेल, श्री तेजसिंह जंघेल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी, सामाजिकजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री जगत जंघेल ने किया।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सामाजिकजन
प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह में राजनांदगांव, दुर्ग, भिलाई, मुंगेली, नंदनी-अहिवारा, डोंगरगढ़, आरंग, नवागढ़, खैरागढ़ और पाटन सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज के लोग शामिल हुए। आयोजन में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और समाज के वरिष्ठजनों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
पाटन क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों का भी सम्मान
समारोह में पाटन परिक्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। पाटन क्षेत्र से श्री कमलेश सिंगौर, श्री धर्मेन्द्र कौशिक, श्री द्वारिका सिंगौर, श्री शिवकुमार सिंगौर, श्री टीकम सिंगौर, श्री सुरेन्द्र सिंगौर, श्री वीरेन्द्र सिंगौर, श्री अश्विनी सिंगौर एवं श्री चन्द्रशेखर सिंगौर सहित अनेक सामाजिकजन उपस्थित रहे।
कक्षा 12वीं में पाटन क्षेत्र की कु. मोनिका ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा कु. प्रेरणा ने 86 प्रतिशत, कु. पायल ने 84 प्रतिशत, कु. कामिनी ने 82 प्रतिशत, कु. नीलिमा ने 80 प्रतिशत, कु. ज्योति ने 78 प्रतिशत, कु. रागिनी ने 76 प्रतिशत, कु. खुशबू ने 76.8 प्रतिशत, कु. राजेश्वरी ने 75.8 प्रतिशत तथा दीपेश ने 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसी तरह कक्षा 10वीं में कु. मोमिन ने 90 प्रतिशत, कु. दिव्या ने 87 प्रतिशत तथा कु. आरती ने 83 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र एवं समाज का नाम रोशन किया। इन सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को समाज की ओर से प्रतीक चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं बैग प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिक्षा को लेकर समाज की सकारात्मक पहल
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में लगातार मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा समाज एवं प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें सम्मानित करना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
जय अवंति लोधी क्षत्रिय समाज द्वारा लगातार पांच वर्षों से प्रतिभा प्रोत्साहन समारोह आयोजित किया जाना समाज की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आयोजन में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह का समापन सामाजिक एकजुटता, शिक्षा के प्रसार और समाज की युवा प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के संकल्प के साथ हुआ।



