गुढ़ियारी में गूंजा हर-हर महादेव: भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, महादेव घाट पहुंचकर किया रुद्राभिषेक

 गुढ़ियारी में गूंजा हर-हर महादेव: भव्य कांवड़ यात्रा में शामिल हुए CM विष्णुदेव साय, महादेव घाट पहुंचकर किया रुद्राभिषेक

राकेश कुमार की रिपोर्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में आयोजित भव्य कांवड़ यात्रा में सोमवार को आस्था और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में निकाली गई इस कांवड़ यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित प्रदेश के कई दिग्गज जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए शामिल हुए। भगवा रंग में रंगे गुढ़ियारी से लेकर महादेव घाट तक का पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा।कांवड़ यात्रा की शुरुआत गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम परिसर से हुई। यहां से हजारों कांवड़िए भगवान शिव के जयकारों के साथ महादेव घाट के लिए रवाना हुए। यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों ने भगवा वस्त्र धारण कर कांवड़ियों का उत्साह बढ़ाया और धार्मिक आयोजन में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

जगह-जगह हुआ कांवड़ियों का स्वागत

कांवड़ यात्रा के मार्ग में स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह कांवड़ियों का स्वागत किया। कई स्थानों पर पेयजल, प्रसाद और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के चलते पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच कांवड़िए शिवभक्ति में सराबोर नजर आए।

महादेव घाट पहुंचकर CM ने किया रुद्राभिषेक

कांवड़ यात्रा के महादेव घाट पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजन किया और रुद्राभिषेक कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से छत्तीसगढ़ की जनता के लिए सुख, शांति, खुशहाली और समृद्धि का आशीर्वाद मांगा।इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने धार्मिक आस्था और ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं आपसी सद्भाव बढ़ाने वाला बताया। वहीं, यात्रा में शामिल हजारों शिवभक्तों ने भी भगवान शिव के दर्शन कर प्रदेश और अपने परिवार की खुशहाली की कामना की।

आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश

गुढ़ियारी की यह कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकजुटता और सामूहिक आस्था का भी संदेश दिया। मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से आयोजन को और भव्यता मिली। महादेव घाट पर पूजन और रुद्राभिषेक के साथ कांवड़ यात्रा का धार्मिक उल्लासपूर्ण समापन हुआ।