भिलाई-3 में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, घर-घर जाकर भरवाए जाएंगे हटाने के फार्म

 भिलाई-3 में स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, घर-घर जाकर भरवाए जाएंगे हटाने के फार्म

भिलाई-3। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे स्मार्ट मीटर विरोधी जनआंदोलन के तहत शुक्रवार को भिलाई-3 के उमदा चौक में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने किया। प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उमदा चौक से रैली निकालकर स्मार्ट मीटर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली में “स्मार्ट मीटर वापस लो”, “जनविरोधी भाजपा सरकार मुर्दाबाद” और “बिजली उपभोक्ताओं का शोषण बंद करो” जैसे नारों के साथ विरोध दर्ज कराया गया। कांग्रेस नेताओं ने लोगों से संपर्क कर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग संबंधी फार्म भी भरवाए और जनसमर्थन जुटाया।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर आम उपभोक्ताओं के हित में नहीं हैं। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवारों और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। यदि सरकार स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर दोबारा स्थापित नहीं करती है, तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की राय लिए बिना निर्णय थोप रही है, जिसे प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर जागरूक करेगी तथा बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन में महापौर निर्मल कोसरे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा, राम सूर्यवंशी, मनोज मढ़रिया, विनोद निषाद, भूपेंद्र वर्मा, आशीष वर्मा, मोहन साहू, हिमांशु शर्मा, प्रवीण डे, बहल साहू, नोहर ठाकुर, टीकम सिंह भास्कर, सरिता झंगाम, ललित साहू, हर्मिक सिंह, विमला सरोज, पप्पू चंद्राकर, हेमंत वर्मा, टेनेंद्र ठाकरे, सुयश सखरे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।