यातायात पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन पर गिरे पेड़ को हटाकर सुरक्षित कराया आवागमन

 यातायात पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन पर गिरे पेड़ को हटाकर सुरक्षित कराया आवागमन

पेट्रोलिंग टीम की त्वरित कार्रवाई, बिजली विभाग और नगर निगम के समन्वय से समय रहते टला संभावित हादसा

भिलाई। यातायात पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। नियमित पेट्रोलिंग के दौरान हाईटेंशन विद्युत तार पर गिरे पेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल बिजली विभाग और नगर निगम से समन्वय स्थापित कर सुरक्षित ढंग से पेड़ हटवाया तथा सर्विस रोड पर आवागमन को सामान्य कराया।

जानकारी के अनुसार, 06 अगस्त 2026 की सुबह यातायात पुलिस की पेट्रोलिंग टीम नेहरू नगर से डबरापारा की ओर गश्त कर रही थी। इसी दौरान साक्षरता चौक के समीप सर्विस रोड पर एक बड़ा पेड़ हाईटेंशन विद्युत तार पर गिरा हुआ दिखाई दिया। स्थिति अत्यंत गंभीर थी और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।

पेट्रोलिंग टीम में शामिल उप निरीक्षक (SI) दरबारी राम, सहायक उप निरीक्षक (ASI) मुस्ताक खान एवं आरक्षक विजय शर्मा ने बिना समय गंवाए बिजली विभाग के एई निर्मल कुर्रे एवं लाइनमैन जयंत तथा नगर निगम के उद्यान अधिकारी तिलेश्वर साहू और सुपरवाइजर विनोद गौतम से तत्काल संपर्क किया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे विद्युत दुर्घटना की आशंका पूरी तरह समाप्त हो गई।

बिजली लाइन बंद होने के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने पेड़ को सुरक्षित तरीके से काटकर सड़क किनारे हटाया। इसके पश्चात सर्विस रोड पर यातायात को पुनः सुचारु और सुरक्षित रूप से शुरू कराया गया।

यातायात पुलिस की तत्परता और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय के कारण न केवल संभावित जनहानि टली, बल्कि यातायात भी बाधित होने से बच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और संबंधित विभागों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर किसी भी प्रकार की बाधा, दुर्घटना, विद्युत खतरे या अन्य आपात स्थिति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।