AI से फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी, ₹5 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार


भिलाई: AI तकनीक का दुरुपयोग कर एक महिला के फोटो एडिट कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी देने, ₹5 लाख की रंगदारी मांगने तथा उसके पति की हत्या कराने और जबरन तलाक लेने का दबाव बनाने वाले आरोपी को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को पीड़िता साम्या खान ने थाना छावनी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि मोबाइल नंबर 9131397223 का उपयोग करने वाला रविन्द्र भारती लगातार उससे ₹5,00,000 की मांग कर रहा था। आरोपी ने रकम नहीं देने पर AI तकनीक से उसके फोटो एडिट कर इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी। साथ ही उसके पति को जान से मारने और पीड़िता पर पति से जबरन तलाक लेने का दबाव भी बनाया।
तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 511/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) एवं 308(3) के तहत विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने AI तकनीक के माध्यम से पीड़िता के फोटो एडिट कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने की बात स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
AI तकनीक का कर रहा था दुरुपयोग
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से पीड़िता के फोटो एडिट किए और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया। इसी आधार पर उसने ₹5 लाख की अवैध मांग की तथा पीड़िता के वैवाहिक जीवन को प्रभावित करने के उद्देश्य से पति को जान से मारने और तलाक लेने की धमकी दी।
आरोपी की जानकारी
नाम: रविन्द्र भारती
उम्र: 30 वर्ष
पता: सतनामी पारा, ठेंगाभाट, थाना धमधा, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)
जब्त सामग्री
- अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन।
- इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एवं सोशल मीडिया से संबंधित डिजिटल सामग्री।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि AI अथवा अन्य डिजिटल तकनीकों का दुरुपयोग कर किसी की छवि खराब करना, फोटो से छेड़छाड़ करना, ब्लैकमेल करना, धमकी देना या सोशल मीडिया के माध्यम से अपराध करना गंभीर दंडनीय अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

