धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर कांग्रेस का विजय मार्च: दुर्ग में गांधी प्रतिमा से पटेल चौक तक निकली रैली, दीपक बैज हुए शामिल


दुर्ग। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) एवं दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त नेतृत्व में विजय मार्च निकाला गया। गांधी प्रतिमा (जेआरडी स्कूल) से प्रारंभ होकर पटेल चौक तक पहुंचे इस विजय मार्च को कांग्रेस नेताओं ने देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं और आम जनता के लोकतांत्रिक संघर्ष को समर्पित बताया।
रैली में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज विशेष रूप से शामिल हुए। उनके साथ जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, जिला महामंत्री एवं प्रभारी दुर्ग ग्रामीण-पाटन विधानसभा राम सूर्यवंशी, जिला अध्यक्ष राहुल वर्मा, पार्षद डे साहब, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, महेंद्र यादव, ऋषभ तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह विजय मार्च शिक्षा, युवाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज़ और संघर्ष का प्रतीक है। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के समर्थन में नारे लगाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संदेश दिया।
विजय मार्च के उपरांत जिला महामंत्री राम सूर्यवंशी ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा के निवास पहुंचकर उनकी माताजी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संगठन जनहित से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहेगा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा।

