खपरी में पान दुकान संचालक से मारपीट, गाली देने से रोकने पर युवकों ने किया हमला; जान से मारने की धमकी


कुम्हारी। कुम्हारी थाना क्षेत्र के खपरी में एक पान दुकान संचालक के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर कुम्हारी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, राबर्ट डिमांटी खपरी स्थित एनकेजेए कंपनी के पास केडिया रोड पर रहते हैं और एनकेजेए कंपनी में गेट इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं। उनके घर के समीप ही ‘पलक पॉपईन पान, गुटखा एवं खानपान’ की दुकान संचालित होती है, जिसकी देखरेख उनकी पत्नी पुनीता डिमांटी करती हैं।
शिकायत में बताया गया है कि 22 जुलाई 2026 की रात करीब 8:15 बजे ड्यूटी से लौटने के बाद राबर्ट अपनी दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान दो काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उनमें से एक युवक मोबाइल पर बात करते हुए लगातार अभद्र भाषा और गाली-गलौज कर रहा था।
जब राबर्ट ने युवक को सार्वजनिक स्थान पर गाली देने से मना किया तो वह भड़क गया और कथित रूप से अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। शिकायत के अनुसार युवक ने हथियार जैसी वस्तु दिखाकर डराया, कॉलर पकड़ लिया और चेहरे पर थप्पड़ मार दिया, जिससे उनके बाएं कान और गाल के पास चोट आई। इसके बाद उसके दो अन्य साथियों ने भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी पुनीता डिमांटी, मनीष दास और मोनू मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी। आरोपियों की उम्र लगभग 18 से 22 वर्ष बताई गई है। सभी युवक जींस और टी-शर्ट पहने हुए थे। पीड़ित ने कहा कि वह आरोपियों को सामने आने पर पहचान सकता है।
मामले की शिकायत मिलने पर कुम्हारी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

