कोहका में इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का शटर तोड़ 60 हजार की चोरी, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

स्मृतिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी की नगदी बरामद; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
भिलाई। दुर्ग जिले के कोहका क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 8,950 रुपये बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शांतिनगर भिलाई निवासी सुमंत कुमार मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कुरूद रोड, कोहका स्थित पी. मिश्रा एण्ड इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान का संचालन करते हैं। उन्होंने 18 जुलाई की रात दुकान बंद की थी। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर शटर टूटा हुआ मिला और गल्ले में रखी करीब 60 हजार रुपये की नगदी गायब थी।
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला की पुलिस चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1027/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्मृतिनगर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल से जुटाए गए वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी शक्ति सिंह ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8,950 रुपये नगद बरामद कर विधिवत जब्त किए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने रात के समय दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नगदी चोरी कर फरार हो गया था।
ओआरोपी का परिचय
शक्ति सिंह (27 वर्ष)
मूल निवासी – बैरिया, जिला बलिया (उत्तर प्रदेश)
हाल मुकाम – रामनगर, भिलाई, जिला दुर्ग
बरामद सामग्री
- चोरी की नगदी राशि – 8,950 रुपये
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपने प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा डायल-112 पर दें। अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


