महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर पिंक पेट्रोलिंग से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

 महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए दुर्ग पुलिस का विशेष अभियान, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर पिंक पेट्रोलिंग से बढ़ा सुरक्षा का भरोसा

छात्राओं को अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन-1091, डायल-112 और साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी, जिलेभर में लगातार चल रहा जागरूकता अभियान

दुर्ग। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा जिलेभर में “पिंक पेट्रोलिंग अभियान” लगातार संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत महिला पुलिस अधिकारियों एवं पिंक पेट्रोलिंग टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा छात्राओं और आम नागरिकों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।दुर्ग पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाना है। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने नेवई डैम, मैत्री बाग सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली।

विद्यालयों में पहुंचकर किया जागरूक

थाना भिलाई नगर क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (कैंप-1), प्रज्ञा विद्यालय (कैंप-1), छावनी क्षेत्र एवं एमजीएम स्कूल वैशाली नगर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया।पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन-1091, डायल-112, साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी। छात्राओं से उनके स्कूल और ट्यूशन आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं एवं छेड़छाड़ जैसी घटनाओं के बारे में चर्चा कर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।

विद्यार्थियों के मोबाइल में डाउनलोड कराया अभिव्यक्ति ऐप

थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत शासकीय विद्यालय उरला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पिंक पेट्रोलिंग अभियान की जानकारी देते हुए अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड कराया गया। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को ऐप के उपयोग और आपातकालीन स्थिति में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी

दुर्ग पुलिस द्वारा विद्यालय परिसरों, छात्राओं के आवागमन मार्गों तथा सार्वजनिक स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं एवं महिलाओं से संवाद कर सुरक्षा संबंधी फीडबैक प्राप्त किया और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका

अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की महिला उप निरीक्षक (पीएसआई), पिंक पेट्रोलिंग टीम तथा संबंधित थाना स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस टीमों ने विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं, महिलाओं एवं अभिभावकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उन्हें पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी।

दुर्ग पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने सभी महिलाओं, बालिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, साइबर अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1091 अथवा नजदीकी पुलिस थाना को दें। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया गया है।दुर्ग पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पिंक पेट्रोलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।