तालाब किनारे कचरा फेंकने वालों पर निगम की सख्ती, चालानी कार्रवाई के साथ दी गई चेतावनी

 तालाब किनारे कचरा फेंकने वालों पर निगम की सख्ती, चालानी कार्रवाई के साथ दी गई चेतावनी

भिलाईनगर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए नगर पालिक निगम भिलाई ने सार्वजनिक स्थानों एवं तालाबों के आसपास कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। निगम आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह के निर्देश पर दुर्गापारा स्थित तालाब के आसपास गंदगी फैलाने वाले नागरिकों पर चालानी कार्रवाई की गई तथा भविष्य में ऐसा नहीं करने की समझाइश भी दी गई।निगम आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं जलाशयों की साफ-सफाई को लेकर लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में उनके प्रातः भ्रमण के दौरान जोन-3 के वार्ड क्रमांक 32 स्थित दुर्गापारा तालाब के आसपास लोगों द्वारा कचरा फेंके जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।आयुक्त के निर्देश के परिपालन में जोन-3 के निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर तालाब के आसपास कचरा फेंकने वाले लोगों की पहचान की और उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। इसके साथ ही निगम कर्मचारियों ने क्षेत्रवासियों को जागरूक करते हुए समझाइश दी कि वे सार्वजनिक स्थानों, सड़कों एवं तालाबों के आसपास कचरा न फेंकें और घरों से निकलने वाले कचरे को निगम द्वारा संचालित डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन वाहन के कर्मचारियों को ही सौंपें।निगम अधिकारियों ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि तालाब एवं उसके आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने, कचरा फेंकने तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार चालानी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

स्वच्छता बनाए रखने निगम की अपील

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें तथा जलाशयों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षण होगा बल्कि शहर की सुंदरता और स्वास्थ्य सुरक्षा भी बेहतर होगी।