भिलाई निगम आयुक्त सुरूचि सिंह का मैदानी निरीक्षण, जलभराव, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने दिए सख्त निर्देश
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह ने बुधवार को निगम क्षेत्र के विभिन्न जोनों का व्यापक निरीक्षण कर नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव संभावित क्षेत्रों, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था तथा स्वच्छता प्रबंधन का मौके पर निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सबसे पहले जोन-1 नेहरू नगर स्थित बाम्बे आवास के समीप डूबान क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रखी जाए। नालियों की नियमित सफाई, गाद एवं कचरे की समय पर निकासी तथा जलभराव वाले क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने कहा कि नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना निगम की प्राथमिकता है।
इसके बाद आयुक्त ने जोन-2 रामनगर स्थित नवीन पानी टंकी का निरीक्षण किया। उन्होंने टंकी की संचालन व्यवस्था, निर्माण एवं रखरखाव संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को नियमित, स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के अगले चरण में आयुक्त जोन-3 दुर्गापारा स्थित तालाब पहुंचीं, जहां उन्होंने तालाब परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को नियमित सफाई अभियान चलाने तथा तालाब के आसपास गंदगी और कचरा जमा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त सुरूचि सिंह ने कहा कि स्वच्छता, पेयजल और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्रीय समस्याओं पर लगातार निगरानी रखने तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे एवं कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, अनिल सिंह, अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, नितेश मेश्राम, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, उप अभियंता पुरुषोत्तम सिन्हा, शंकर सुमन मरकाम, दीपक देवांगन, सहायक राजस्व अधिकारी जे.पी. तिवारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, बीरेन्द्र बंजारे, स्वच्छता निरीक्षक अंजनी सिंह, चुड़ामणी यादव सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

