चैतन्य बघेल के जन्मदिन पर उमड़ा जनसैलाब, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने दी शुभकामनाएं, गनियारी में तीजन बाई के परिजनों से की मुलाकात
भिलाई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल के जन्मदिन के अवसर पर शनिवार 18 जुलाई 2026 को भिलाई-3 स्थित उनके निवास पर शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। क्षेत्रभर से पहुंचे हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों एवं आम नागरिकों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।
जन्मदिन के अवसर पर पूरे दिन उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर चेतन बघेल का स्वागत किया तथा उनके सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों की सराहना की। इस दौरान लोगों ने उनके स्वस्थ, सफल एवं जनहितकारी जीवन की कामना करते हुए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव (बाबा) भी विशेष रूप से भिलाई-3 स्थित निवास पहुंचे और चेतन बघेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परिवार के सदस्यों से भी आत्मीय मुलाकात की। टी.एस. सिंहदेव के आगमन से कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
भिलाई प्रवास के दौरान टी.एस. सिंहदेव ने दुर्ग जिले के ग्राम गनियारी पहुंचकर लोक कला की महान हस्ती और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत दिवंगत तीजन बाई के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवारजनों से चर्चा कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा तीजन बाई के कला और संस्कृति के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भिलाई-चरोदा नगर निगम के महापौर निर्मल कोसरे, जिला महामंत्री एवं पाटन विधानसभा प्रभारी राम सूर्यवंशी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकांत वर्मा, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, लक्ष्मीनारायण मारकंडे, प्रेम मिश्रा, ऋषभ तिवारी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जन्मदिन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने संगठन की मजबूती तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की। पूरे आयोजन में उत्साह, आत्मीयता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता देखने को मिली। देर शाम तक शुभकामनाएं देने वालों का सिलसिला जारी रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने चेतन बघेल के निवास पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।



