सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, तीर्थ यात्रा से लौटे परिवार के उड़ गए होश; नकदी समेत 75 हजार की चोरी

उज्जैन-ओंकारेश्वर दर्शन के लिए गए थे परिवार सहित बाहर, लौटने पर टूटा मिला दरवाजा और बिखरा पड़ा सामान; पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज

भिलाई। शहर के सिद्धार्थ टाउन, उमदा रोड क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और घरेलू सामान सहित करीब 75 हजार रुपये की चोरी कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक परिवार सहित धार्मिक यात्रा से लौटकर घर पहुंचे।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सिद्धार्थ टाउन फेस-04, मकान नंबर-41 निवासी नवीन शर्मा, जो पेशे से सिविल इंजीनियर हैं, 11 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे अपने परिवार के साथ किराये की कार से उज्जैन और ओंकारेश्वर (मध्यप्रदेश) दर्शन के लिए गए थे। परिवार 16 जुलाई 2026 की शाम लगभग 7:30 बजे वापस अपने घर पहुंचा।घर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले सामने लगे लोहे के गेट का ताला खोला और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कुंडी के पास दरवाजे को क्षतिग्रस्त कर अंदर घुसने का प्रयास किया गया था। घर के भीतर प्रवेश करने पर आलमारी खुली मिली तथा कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।पीड़ित ने जांच करने पर पाया कि आलमारी में रखे सोने की एक अंगूठी, एक मंगलसूत्र, सोने की मूर्ति का फ्रेम, तीन जोड़ी चांदी की बिछिया, घरेलू बर्तन तथा आलमारी में रखी 50 हजार रुपये नकद राशि गायब थी। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई गई है।

घटना की सूचना तत्काल पुरानी भिलाई थाना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा।

फिलहाल पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) एवं 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।