दक्षिण अफ्रीका में लहराया तिरंगा: अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग पदक विजेताओं का भिलाई में भव्य स्वागत, इंद्रजीत सिंह छोटू ने किया सम्मान

 दक्षिण अफ्रीका में लहराया तिरंगा: अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग पदक विजेताओं का भिलाई में भव्य स्वागत, इंद्रजीत सिंह छोटू ने किया सम्मान

भिलाई। दक्षिण अफ्रीका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों का भिलाई-दुर्ग पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।दुर्ग रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ खिलाड़ियों और उनके कोच का अभिनंदन किया गया। खिलाड़ियों की इस सफलता को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

पदक के साथ पहुंचे खिलाड़ियों ने जताया आभार

दक्षिण अफ्रीका से लौटे खिलाड़ियों और उनके कोच ने भिलाई पहुंचकर सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू से मुलाकात की। इस दौरान खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते गए पदकों को उन्हें सौंपकर सम्मान स्वरूप पुनः उनके हाथों से अपने गले में धारण किया। खिलाड़ियों ने बताया कि समाज और वरिष्ठजनों के सहयोग एवं प्रोत्साहन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी।

युवाओं के लिए प्रेरणा हैं खिलाड़ी : इंद्रजीत सिंह छोटू

इस अवसर पर सर्व समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतकर लौटे ये खिलाड़ी केवल अपने परिवार या प्रदेश का ही नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाने वाले सच्चे खेल योद्धा हैं।उन्होंने कहा, “आज हमारे खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका की धरती पर तिरंगा लहराकर यह साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद इन खिलाड़ियों ने जिस समर्पण और मेहनत से सफलता हासिल की है, वह प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। हमें ऐसे खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और सम्मान देना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियां भी खेलों में देश का नाम रोशन कर सकें।”

खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना

कार्यक्रम के दौरान इंद्रजीत सिंह छोटू ने सभी खिलाड़ियों और कोच को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश और देश को नई उपलब्धियां दिलाएंगे।

इस अवसर पर मलकित सिंह, हरजिंदर सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।