भिलाई-03 उर्सपाक आयोजन: 17 से 20 मई तक रात में भारी वाहनों की एंट्री बंद, पुलिस ने जारी किया विशेष ट्रैफिक प्लान
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने दुर्ग पुलिस ने लागू की विशेष डायवर्ट व्यवस्था
- 17 मई से 20 मई 2026 तक रात्रिकालीन विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
- डबरापारा से सिरसागेट चौक तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- सिरसा गेट से भारी वाहन उमदा मार्ग और डबरापारा से हथखोज मार्ग की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
- श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था बनाई गई है।
- प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
भिलाई-03 स्थित मजार में 17 मई से 20 मई 2026 तक आयोजित होने वाले उर्सपाक कार्यक्रम को लेकर दुर्ग यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यातायात सुचारू बना रहे।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार आयोजन अवधि के दौरान प्रतिदिन रात्रि में डबरापारा से सिरसागेट चौक तक दोनों ओर से भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
भारी वाहनों के लिए डायवर्ट रूट
सिरसा गेट चौक की ओर से आने वाले भारी वाहनों को उमदा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं डबरापारा की ओर से आने वाले भारी वाहनों को हथखोज मार्ग से होकर गुजरना होगा। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था
भिलाई एवं पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहनों हेतु:
- बिजली ऑफिस परिसर
- दशहरा मैदान
सिरसागेट चौक एवं कुम्हारी की ओर से आने वाले वाहनों हेतु:
- भिलाई-03 रेलवे स्टेशन पार्किंग
- राम मंदिर परिसर
आयोजन के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात पुलिस लगातार मॉनिटरिंग कर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करेगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराया जा सके।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे आयोजन स्थल के आसपास अनावश्यक वाहन पार्किंग न करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस जवानों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।



