इंटरनेट की दोस्ती का खौफनाक अंत: शादी के दबाव से बचने प्रेमी ने महिला अधिवक्ता को जंगल ले जाकर उतारा मौत के घाट
रायगढ़: सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिए शुरू हुई दोस्ती आखिरकार एक दर्दनाक हत्या में बदल गई। रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के जंगल में मिली महिला अधिवक्ता की नग्न लाश मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी के दबाव से परेशान होकर बेहद सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
जंगल में मिली थी अधिवक्ता की नग्न लाश
पुलिस के अनुसार 12 मई को ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव नग्न अवस्था में पड़ा था, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
स्थानीय कोटवार ने लकड़ी लेने जंगल जाने के दौरान शव देखा और पुलिस को जानकारी दी। शुरुआती जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और महिला की पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई।
गुमशुदगी रिपोर्ट से मिला बड़ा सुराग
जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुई। परिजनों को घटनास्थल से मिले कपड़े, सैंडल और अन्य सामान दिखाया गया, जिसके बाद मृतिका की पहचान 31 वर्षीय अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में हुई, जो लैलूंगा क्षेत्र की रहने वाली थी।
इसके बाद पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्य और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच शुरू की। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल पर महिला को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
लॉज में रुके, फिर जंगल ले जाकर कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल ने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ करीब दो साल से प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात इंटरनेट मीडिया के जरिए हुई थी।
आरोपी पहले से शादीशुदा था, जबकि महिला उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी तनाव के चलते उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी 10 मई को महिला को बाइक पर अपने साथ लेकर गया। दोनों पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर पहुंचे, फिर रात में एक लॉज में रुके जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। अगले दिन सुबह वह महिला को सुनसान जंगल क्षेत्र में ले गया।
गला दबाया, फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला
पुलिस के मुताबिक जंगल पहुंचने के बाद आरोपी ने पहले महिला का गला दबाकर उसे बेहोश किया। इसके बाद पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और खून साफ कर मौके से फरार हो गया।
हत्या के बाद आरोपी सीधे घर लौट गया ताकि किसी को उस पर शक न हो।
मोबाइल से करता रहा परिवार को गुमराह
हत्या के बाद आरोपी ने मृतिका का मोबाइल अपने पास रख लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि उसने महिला की आवाज निकालकर उसकी बहन और सहेलियों से बातचीत भी की, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो और शक उससे दूर रहे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन, घटना के दौरान पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी लोकनाथ पटेल (30 वर्ष), निवासी चारपारा थाना सक्ती को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रेस वार्ता में किया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड इस केस को सुलझाने में बेहद अहम साबित हुए।

