उर्स मेले में दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई : सघन चेकिंग अभियान में 7 आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार जब्त

भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज हुए 7 प्रकरण

दुर्ग जिले में आयोजित उर्स कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। रात्रिकालीन आयोजन में भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। थाना सिटी कोतवाली, मोहन नगर, पदमनाभपुर सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की।

पुलिस द्वारा कार्यक्रम स्थल एवं आसपास क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध लोगों की तलाशी ली गई। इस दौरान कई व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने कुल 07 प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या था मामला?

पुलिस के अनुसार उर्स कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाके में कुछ युवक अवैध धारदार हथियार लेकर घूम रहे थे, जिससे आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने सख्त चेकिंग अभियान चलाया।

इन थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

  • थाना सिटी कोतवाली
  • थाना मोहन नगर
  • थाना पदमनाभपुर
  • थाना पुरानी भिलाई
  • थाना धमधा
  • थाना पाटन

गिरफ्तार आरोपी

  • ऋषि यादव (19 वर्ष) – ओम नगर उरला, थाना मोहन नगर
  • तुषार अग्रवाल (23 वर्ष) – छुरिया बाजार चौक, राजनांदगांव
  • शेखर नामदेव (23 वर्ष) – सोनार पारा, राजनांदगांव
  • मोहम्मद अबरार (19 वर्ष) – आमापारा नया गांव, धमतरी
  • विधि से संघर्षरत बालक
  • गुरप्रीत सिंह (20 वर्ष) – कैम्प-1 रामनगर, दुर्ग
  • विक्की गायकवाड (20 वर्ष) – न्यू किर्तन नगर, सुपेला
जप्त सामग्री :
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 07 अवैध धारदार हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर के निर्देशन में नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग एवं एसडीओपी पाटन के नेतृत्व में विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगातार पेट्रोलिंग एवं चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा।