नमो-नितिन के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में खिला ‘सुशासन का कमल’, 4 माह तक जमीनी प्रचार कर भाजपा नेता जितेन्द्र वर्मा ने मजबूत किया संगठन
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश मंत्री जितेन्द्र वर्मा ने राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में जनवरी 2026 से मई 2026 तक पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लगातार प्रवास कर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में व्यापक प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान उन्होंने बूथ मैनेजमेंट को मजबूत करने के साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय के सानिध्य में कार्य करते हुए वर्मा ने न केवल दुर्गापुर पश्चिम बल्कि आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क कर भाजपा की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी संगठन क्षमता और समर्पण को इस जीत में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
“यह जीत केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विकास, स्थिरता और पारदर्शिता के पक्ष में जनता का स्पष्ट जनादेश है।”
भाजपा की पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए वर्मा ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” का संकल्प अब देशभर की जनता से जुड़ चुका है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन को दिया।
वर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के दौरान राजनीतिक हिंसा और भय का माहौल था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति और अवैध घुसपैठ जैसी समस्याओं ने राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रभावित किया, ऐसे में यह जीत विशेष महत्व रखती है।
अंत में उन्होंने कहा कि यह विजय हर उस कार्यकर्ता को समर्पित है, जिसने दिन-रात मेहनत कर पार्टी के संदेश को जनता तक पहुंचाया। साथ ही देशवासियों को बधाई देते हुए उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का विश्वास जताया।

