लव मैरिज के जश्न में मचा बवाल: युवक की चाकू-डंडे से पीट-पीटकर हत्या, चार आरोपी हिरासत में

दुर्ग/ प्रेम विवाह के जश्न ने दुर्ग के डिपरापारा इलाके में खूनी रूप ले लिया। जश्न के दौरान हुए विवाद में युवती के भाई की चाकू, डंडा और रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे कई लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

विवाह के बाद मना रहे थे जश्न, तभी हुआ विवाद

घटना डिपरापारा निवासी निहाल पटेल की शिकायत पर सामने आई है। निहाल ने बताया कि उसकी साली पूजा साहू को मोहल्ले के ही तिलक साहू ने 16 अक्टूबर को भगाकर शादी कर ली थी। शादी के बाद 17 अक्टूबर की शाम करीब 6:30 बजे लड़का पक्ष के लोग मोहल्ले में जश्न मना रहे थे। इसी दौरान तिलक के रिश्तेदार राजा यादव, दद्दू, लब्बु और शनि वहां पहुंचे और युवती के भाइयों नीरज ठाकुर और सूरज ठाकुर से विवाद करने लगे।

मारपीट कर भागे आरोपी, फिर लौटकर किया जानलेवा हमला

विवाद बढ़ने पर प्रार्थी निहाल ने बीच-बचाव किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर दी और वहां से चले गए। कुछ देर बाद वे पीछे के रास्ते से झाड़ूराम देवांगन शासकीय स्कूल मैदान पहुंचे, जहां नीरज मौजूद था। निहाल ने नीरज को समझाने की कोशिश की, लेकिन तभी आरोपियों ने घेरकर उस पर चाकू, डंडा और रॉड से हमला कर दिया।

सिर और पसली में आई गंभीर चोटें, अस्पताल में तोड़ा दम

हमले में नीरज की पसलियों और सिर पर गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे मोहल्ले के रानू, शीतल, रानी और धनेश ठाकुर भी घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में, परिजनों ने उठाए सवाल

कोतवाली पुलिस ने राजा यादव, दद्दू, लब्बु और शनि के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।
इधर, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब युवती घर से गई थी, तब उन्होंने थाने में शिकायत की थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि यदि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया होता, तो यह दर्दनाक घटना नहीं होती।