भाजपा विधायक के घर बड़ी चोरी: पिकअप में भरकर ले गए कीमती सामान, पुलिस ने बरामद किया माल

अंबिकापुर/ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने भाजपा विधायक प्रबोध मिंज के सरकारी निवास ‘लुंड्रा सदन’ में धावा बोलते हुए कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया। चोर पूरी योजना बनाकर आए थे और चोरी किए गए सामान को पिकअप वाहन में लादकर फरार हो गए।

घटना गांधी चौक क्षेत्र स्थित विधायक आवास की बताई जा रही है। बीती रात हुए इस हादसे से इलाके में हड़कंप मच गया। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन सहित चोरी का सामान बरामद कर लिया है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना में कितने लोग शामिल थे या उनकी गिरफ्तारी हुई है या नहीं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।