दुर्ग में चोरी की दो बड़ी वारदातें — बाइक और जेवरात-नकदी पर चोरों ने किया हाथ साफ

पहली घटना : जिला अस्पताल के बाहर से चोरी हुई बाइक

दुर्ग/ शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहली घटना जिला अस्पताल दुर्ग परिसर के पीछे गणेश मंदिर के पास की है।
राजेश सिंह, निवासी साई नगर उरला (थाना मोहन नगर), जो डेयरी का काम करते हैं, दिनांक 08 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग 11 बजे अपनी पत्नी का इलाज कराने जिला अस्पताल दुर्ग पहुंचे थे।

उन्होंने अपनी होंडा साइन (ग्रे कलर) मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07-BH-2985 को अस्पताल के पीछे गणेश मंदिर के पास लॉक कर खड़ी की थी। इलाज के बाद जब वे दोपहर 12 बजे लौटे, तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल गायब थी।

चोरी हुई बाइक का चेसिस नंबर JC65E71212107 और इंजन नंबर ME4JC654GH7140587 है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30,000 रुपये बताई जा रही है। राजेश सिंह ने पहले स्वयं वाहन की खोजबीन की, परंतु सुराग न मिलने पर उन्होंने 10 अक्टूबर 2025 को दुर्ग कोतवाली थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी घटना : जामुल में महिला के घर का ताला तोड़कर चोरी

दूसरी घटना जामुल थाना क्षेत्र के मठपारा इलाके में हुई है।
यहां की निवासी योगेश्वरी सेन, जो रोजी-मजदूरी का कार्य करती हैं, अपने घर में 07 अक्टूबर 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे ताला लगाकर अपनी बेटी भूमिका सेन के साथ अपने मायके कोहका गई हुई थीं।

आज 10 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग 6 बजे, उनके पड़ोसी दीपक ठाकुर ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का दरवाजा टूटा हुआ है। जब योगेश्वरी सेन घर लौटीं, तो पाया कि घर के मुख्य गेट की कुंडी टूटी हुई थी और कमरे का ताला भी तोड़ा गया था।

अंदर की आलमारी के लॉकर को तोड़कर चोरों ने चांदी की एक जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी पायल, दो चांदी की अंगूठियां और नकद 10,000 रुपये सहित कुल करीब 20,000 रुपये का सामान चोरी कर लिया है।

उन्होंने घटना की रिपोर्ट जामुल थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच जारी

दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि दोनों वारदातों में सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों की मदद से चोरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।