पत्रकार के परिवार से किया वादा निभाया — समाजसेवी इंद्रजीत सिंह ने बच्चों की स्कूल फीस भरी
भिलाई/ सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदना का उदाहरण पेश करते हुए हैवी ट्रांसपोर्ट कंपनी के डायरेक्टर एवं समाजसेवी इंद्रजीत सिंह ने दिवंगत पत्रकार संतोष यादव के दोनों बच्चों की स्कूल फीस अदा कर अपने वायदे को पूरा किया।
शोकसभा में किया था वादा
गौरतलब है कि बीते 5 अक्टूबर को दिवंगत पत्रकार संतोष यादव के अंतिम संस्कार के बाद आयोजित शोकसभा में इंद्रजीत सिंह ने बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा था कि दोनों बच्चों की स्कूल फीस यूथ सिख सेवा समिति के माध्यम से जमा कराई जाएगी।
वायदे को निभाने में नहीं की देर
अपने वचन के अनुरूप, इंद्रजीत सिंह ने बिना किसी देरी के कार्रवाई की। उन्होंने यूथ सिख सेवा समिति के माध्यम से पत्रकार संतोष यादव की पुत्री अदिति यादव और पुत्र आदित्य यादव की कुल ₹40,600 की स्कूल फीस ज्योति विद्यालय, चरोदा में जमा कराई।
पत्रकार संतोष यादव का निधन
बताया गया कि 3 अक्टूबर को भिलाई-3 के बजरंग पारा निवासी वरिष्ठ पत्रकार संतोष यादव का हृदयाघात से निधन हो गया था। वे 51 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी सुशीला यादव और दो बच्चे अदिति व आदित्य हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी।
यूथ सिख सेवा समिति ने निभाई सामाजिक जिम्मेदारी
अचानक हुए इस दुखद निधन के बाद परिवार पर आर्थिक संकट के हालात बन गए थे। इसी को देखते हुए समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह (छोटू) और महासचिव मलकीत सिंह (लल्लू) ने बच्चों की पढ़ाई में मदद का आश्वासन दिया था।
फिर समिति की ओर से सितंबर से मार्च माह तक की फीस — प्रत्येक बच्चे के लिए ₹20,300-₹20,300 के दो अलग-अलग चेक विद्यालय प्रबंधन को सौंपे गए।
विद्यालय को सौंपे गए चेक
दोनों बच्चों की सात महीने की बकाया फीस का भुगतान यूथ सिख सेवा समिति द्वारा सीधे ज्योति विद्यालय, चरोदा के नाम से किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने समिति के इस कदम की सराहना की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह पहल न सिर्फ इंसानियत की मिसाल है, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता की प्रेरक कहानी भी है।



