पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार

पाटन थाना क्षेत्र का मामला, शराब के नशे में विवाद के बाद गला दबाकर की थी हत्या

दुर्ग/ जिले के पाटन थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की आदतों और रोज़-रोज़ के विवाद से परेशान पति ने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छुपाने के लिए आरोपी पति ने पहले घरवालों और रिश्तेदारों को यह कहकर भ्रमित कर दिया कि पत्नी चक्कर आने से गिरकर बेहोश हो गई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सच्चाई सामने आ गई।

ऐसे हुआ मामला दर्ज

दिनांक 10 सितंबर 2025 को सीएचसी पाटन के वार्ड बॉय प्रवेश कुमार राउत ने आर.एम.ओ. डॉक्टर राकेश लहरे द्वारा मृतका श्रीमति प्रीति वर्मा (उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पंदर, वार्ड क्रमांक 16, थाना पाटन, जिला दुर्ग) की मृत्यु की सूचना पर थाना पाटन में मर्ग क्रमांक 43/2025 कायम किया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने स्पष्ट किया कि प्रीति वर्मा की मौत asphyxia nature in homicide (गला दबाकर हत्या) के कारण हुई है। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2025 धारा 103 बीएनएस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पति ने किया जुर्म कबूल

जांच के दौरान मृतका के पति होरी लाल वर्मा (उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम पंदर, थाना पाटन) से पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
उसने बताया कि 6 वर्ष पूर्व उसने प्रीति से चूड़ी पहनाकर शादी की थी। प्रीति का पहले पति से एक बेटा और एक बेटी थी। शादी के बाद प्रीति का व्यवहार बिगड़ता चला गया। वह शराब और गुटखा-तंबाकू का सेवन करती थी तथा आए दिन उससे झगड़ा करती थी।

घटना वाले दिन 10 सितंबर को दोपहर में प्रीति शराब के नशे में घर आई और आरोपी से विवाद करने लगी। आरोपी ने बताया कि गुस्से में आकर उसने पत्नी को जमीन पर पटककर हाथ से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

ऐसे छुपाया गया सच

हत्या के बाद आरोपी ने मृतका का शव उठाकर खाट पर लिटा दिया और घरवालों व रिश्तेदारों को यह कहकर गुमराह कर दिया कि पत्नी चक्कर आने से बेहोश होकर गिर गई है।

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी होरी लाल वर्मा को दिनांक 19.09.2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस कार्रवाई में पाटन थाना के प्र.आर. 156 लोकेश लहरी का विशेष योगदान रहा।