बंगाल की खाड़ी से उठा सिस्टम लाया झमाझम बारिश, छत्तीसगढ़ में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

हाईलाइट: अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में होगी हल्की से मध्यम बारिश, कई जिलों में गरज-चमक और बिजली गिरने का अलर्ट।

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर वर्षा बीजापुर जिले के भोपालपटनम में हुई। वहीं राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और बालोद का 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर से बढ़ी सक्रियता

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तटीय इलाकों में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिलेगी।

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।

  • ऑरेंज अलर्ट: नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना।

येलो अलर्ट वाले जिले

धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और मुंगेली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।

जहां हुई झमाझम बारिश

पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और बस्तर जिलों में अच्छी बारिश हुई। राजधानी रायपुर, दुर्ग, भिलाई और राजनांदगांव में भी जमकर मेघ बरसे।

चक्रवाती परिसंचरण का असर

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी-पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम अगले दो दिनों में दक्षिण ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। वहीं, मानसूनी ट्रफ इस समय श्रीगंगानगर, रोहतक, सिवनी और राजनांदगांव से होकर गुजर रही है।

अगले 3 दिनों का पूर्वानुमान

अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कई इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी रायपुर में आज आसमान बादलों से घिरा रहेगा और दिनभर रुक-रुककर बारिश हो सकती है।