उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाकू सप्लाई करने वाला सरफराज, गंडई से गिरफ्तार


दुर्ग/ थाना उतई पुलिस ने हथियार सप्लाई करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले उमरपोटी क्षेत्र में एक आरोपी से चाकू और गुप्ती बरामद हुई थी, जिसकी सप्लाई गंडई निवासी आरोपी मोहम्मद सरफराज ने की थी।
उमरपोटी में हथियार बरामदगी
दिनांक 11.09.2025 को थाना उतई पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ राहुल पवार के खिलाफ कई धाराओं में अपराध दर्ज किया था। कार्रवाई के दौरान उसके पास से तीन नग चाकू, एक गुप्ती और एक स्टीक जब्त की गई थी।
पूछताछ में राजा ने बताया कि यह सभी हथियार उसे गंडई निवासी मोहम्मद सरफराज ने सप्लाई किए थे।
अजमेर से लाया था हथियार
पुलिस ने सरफराज की तलाश कर ग्राम नमर्दा (थाना गंडई) से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2024 और 2025 में अजमेर शरीफ दरगाह और पुष्कर गया था, जहां से उसने गुप्ती, बटन चाकू और स्टीक खरीदे थे।
- सरफराज ने एक गुप्ती नागपुर निवासी अपने दोस्त समीर को दी।
- एक गुप्ती ग्राम नमर्दा के प्रमोद पटेल को दी, जिस पर मार्च 2024 में गंडई पुलिस ने आर्म्स एक्ट की कार्रवाई की थी।
- वर्ष 2025 मार्च में अजमेर से दो बटन चाकू, दो सामान्य चाकू, एक गुप्ती और एक स्टीक लाकर राजा उर्फ राहुल पवार को 3000 रुपये में बेचे।
- अगस्त 2025 में सावन सोमवार पर दुर्ग आया था, जहां एक समिति के युवक (नाम अज्ञात) को भी एक बटन चाकू बेचा।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद सरफराज पिता मोहम्मद हुसैन (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम नमर्दा, थाना गंडई, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।



