सरकार का कड़ा रुख : हड़ताल पर अड़े NHM कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने का आदेश


रायपुर/ नियमितीकरण समेत अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे NHM कर्मचारियों के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि यदि कर्मचारी काम पर नहीं लौटते हैं तो उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
आदेश सभी जिलों में लागू
विभाग द्वारा जारी पत्र में साफ कहा गया है कि आदेश मिलने के बाद भी अधिकांश जिलों में NHM अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय में उपस्थिति नहीं दे रहे हैं। यह आचरण लोकहित के विपरीत और अनुचित है।


नोटिस और सेवा समाप्ति की चेतावनी
सभी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को निर्देशित किया गया है कि अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करें। नोटिस में यह उल्लेख हो कि यदि वे कार्य पर उपस्थित नहीं होते हैं तो उनकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी।
“नो वर्क, नो पे” लागू
विभाग ने आदेश में स्पष्ट किया है कि अनुपस्थित कर्मचारियों पर “नो वर्क, नो पे” का सिद्धांत लागू होगा। यानी इस माह का वेतन भी आहरित नहीं किया जाएगा।
16,000 से अधिक कर्मचारी हड़ताल पर
गौरतलब है कि प्रदेश के 16,000 से ज्यादा NHM कर्मचारी पिछले 13 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके कारण अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
स्थिति को देखते हुए अब शासन ने कड़ा कदम उठाते हुए सभी जिलों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।





