धारदार चाकू लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे थे आरोपी, पुलिस ने चारों को दबोचा

दुर्ग/ शहर के अलग-अलग इलाकों में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के कब्जे से चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

चाकू लहराते पकड़ा गया पहला आरोपी

थाना सिटी कोतवाली दुर्ग को 28 अगस्त 2025 को सूचना मिली कि बैजनाथ पारा जाने वाले रोड के पास एक व्यक्ति चाकू लेकर लोगों को धमका रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी डेरहालाल साहू (34 वर्ष), निवासी शास्त्री चौक, दुर्ग को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से धारदार चाकू जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध क्रमांक 407/2025 दर्ज किया गया।

गंजपारा हनुमान मंदिर के पास दबोचा गया दूसरा आरोपी

इसी तरह गंजपारा हनुमान मंदिर के पास चाकू से लोगों को डराने वाले आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा। आरोपी की पहचान धीरज कुमार ठाकुर, निवासी मुकुंद भवन के पास, दुर्ग के रूप में हुई। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 406/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

सिकोला बस्ती तालाब से तीसरा आरोपी गिरफ्तार

थाना मोहन नगर पुलिस ने सिकोला बस्ती तालाब के पास से चाकू लहराते आरोपी योगेश मरकाम, निवासी सिकोला बस्ती, दुर्ग को गिरफ्तार किया। उसके पास से चाकू जब्त कर अपराध क्रमांक 423/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया।

बुद्ध विहार से चौथा आरोपी पकड़ा गया

बीडी कॉलोनी बुद्ध विहार के पास से चाकू से लोगों को धमकाने वाले आरोपी तुलेश बघेल उर्फ मोटू, निवासी बजरंग पारा उरला, दुर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी से चाकू जब्त कर अपराध क्रमांक 424/2025 धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट कायम किया गया।

न्यायिक रिमांड पर जेल

सभी आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।