घनी आबादी में मोबाइल टावर लगाने का विरोध तेज, शांति नगर के लोगों ने जताई कड़ी आपत्ति



भिलाई/ शांति नगर मिलाई-3, वार्ड क्रमांक 17 में एयरटेल कंपनी द्वारा मोबाइल टावर का निर्माण शुरू किए जाने के विरोध में स्थानीय निवासियों ने मोर्चा खोल दिया है। यह टावर मुक्ता सिनेमा के पीछे घनी बस्ती वाले इलाके में लगाया जा रहा है, जिसे लेकर क्षेत्रवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
निवासियों का कहना है कि इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में मोबाइल टावर से निकलने वाला रेडिएशन बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। लोगों ने इसे जनहित का गंभीर मुद्दा बताते हुए नगर निगम आयुक्त को आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
जैसे ही टावर निर्माण का काम शुरू हुआ, मोहल्ले के लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की। स्थानीय नागरिकों का स्पष्ट कहना है कि वे अपने मोहल्ले में किसी भी सूरत में मोबाइल टावर नहीं बनने देंगे।
आवेदन पर हस्ताक्षर करने वालों में बसंत राव गाणोरकर, आर.पी. यादव, दिलीप ठाकरे, एस.एस. नकुल, एस.पी. मिश्रा, डी. कोले, दिनेश गिरी गोस्वामी, अनिल कुमार साहू, तामेश्वर प्रसाद साहू सहित बड़ी संख्या में मोहल्ले के अन्य लोग शामिल हैं।
निवासियों ने यह भी मांग की है कि भविष्य में इस प्रकार के किसी भी निर्माण कार्य से पहले जनता की सहमति लेना अनिवार्य किया जाए।



