मोबाइल चोरी कर पासवर्ड क्रैक कर, करते थे ऑनलाइन ठगी, झारखंड-बंगाल गैंग के 6 सदस्य गिरफ्तार

रायपुर/ राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से मोबाइल चोरी कर पासवर्ड हैक कर ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। झारखंड और पश्चिम बंगाल से जुड़े इस गिरोह के 6 शातिर ठगों को रायपुर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के मोबाइल फोन, 10 एटीएम कार्ड और 1 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 जून को पहाड़ी चौक स्थित सब्जी मंडी से मुन्नालाल पटेल का मोबाइल चोरी हुआ था। इसके तुरंत बाद फोन-पे ऐप के जरिए उनके अकाउंट से 99,000 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
सीसीटीवी से पकड़ी गई कड़ी, ट्रांजेक्शन से खुली पूरी साजिश
जांच के दौरान पुलिस ने मंडी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और डिजिटल ट्रांजेक्शन की ट्रेसिंग कर कोलकाता निवासी मुकेश कुमार के बैंक अकाउंट तक पहुंच बनाई। वहां से गिरोह के सदस्य शेख सुलेमान उर्फ राजन और अंकित शर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई कि यह ठगी एक संगठित तीन-स्तरीय योजना के तहत की गई थी।
ऐसे करते थे तीन-स्तरीय ठगी
- मोबाइल चोरी (लेवल-1):
झारखंड के सदस्य बाजारों, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से मोबाइल चोरी करते थे। - पासवर्ड क्रैकिंग व ट्रांजेक्शन (लेवल-2):
चोरी के मोबाइल को बंगाल में भेजा जाता था, जहां दूसरा ग्रुप पासवर्ड रिसेट करने के तरीके से मोबाइल अनलॉक करता था। कई बार लोगों की कॉन्टैक्ट लिस्ट में ‘पासवर्ड’ नाम से सेव जानकारी भी मिल जाती थी। फिर ऐप्स जैसे फोन-पे, गूगल पे, पेटीएम से पैसे म्यूल अकाउंट्स में ट्रांसफर किए जाते थे। - राशि की निकासी और बंटवारा (लेवल-3):
ट्रांसफर की गई रकम को बंगाल से नकद निकाला जाता और झारखंड भेजा जाता था, जहां गिरोह के मुख्य सदस्य इसे आपस में बांटते थे।
पकड़े गए आरोपियों की सूची:
- विकास महतो – निवासी, महाराजपुर नया टोला, थाना कल्याणी, जिला साहेबगंज, झारखंड
- यासीन कुरैशी – निवासी, कुलीपाड़ा, थाना साहेबगंज, झारखंड
- शेख सुलेमान उर्फ राजन – निवासी, गार्डनरिच, जिला 24 परगना, कोलकाता, पश्चिम बंगाल
- अंकित शर्मा – निवासी, गार्डनरिच, जिला 24 परगना, पश्चिम बंगाल
- सोनू मंडल – निवासी, मिर्जा चौकी, थाना महादेववरन, साहेबगंज, झारखंड
- पिंटू मोहले – निवासी, मिर्जा चौकी, थाना महादेववरन, साहेबगंज, झारखंड
देशभर में फैला नेटवर्क, करोड़ों की ठगी का शक
गिरोह के मोबाइल और डिजिटल डिवाइसेस की जांच में करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन के सबूत मिले हैं। पुलिस के अनुसार, इनकी ठगी की गतिविधियां झारखंड, पश्चिम बंगाल के साथ-साथ बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और तमिलनाडु तक फैली हुई हैं।
रायपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी
यह कार्रवाई रायपुर पुलिस और साइबर सेल के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे न केवल चोरी और ऑनलाइन फ्रॉड का एक बड़ा नेटवर्क बेनकाब हुआ है, बल्कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की दिशा में भी यह अहम कदम साबित होगा।



