रायपुर में प्रतियोगी छात्रों से लाखों की ठगी — कोचिंग संचालक गिरफ्तार, पत्नी अब भी फरार

रायपुर/ राजधानी रायपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नाम पर लाखों रुपये ठगने वाले कोचिंग संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ‘कौटिल्य एकेडमी (Kautilya Academy)’ के डायरेक्टर पवन टांडेश्वर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर करीब 18 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। आरोपी की पत्नी रूबी मजूमदार अभी फरार बताई जा रही है।

छात्रों से ली मोटी फीस, फिर बंद कर दी कोचिंग

यह मामला सरस्वती नगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, पवन टांडेश्वर और उसकी पत्नी रूबी मजूमदार ने रायपुर में ‘कौटिल्य एकेडमी’ नाम से यूपीएससी और पीएससी कोचिंग इंस्टीट्यूट शुरू किया था।
उन्होंने चयन की गारंटी और बेहतर मार्गदर्शन का झांसा देकर करीब 19 छात्रों से कुल 18 लाख रुपये से अधिक फीस वसूली।

कुछ महीनों तक क्लास चलाने के बाद दोनों ने कोचिंग शिफ्ट करने का बहाना बनाकर संस्थान को अचानक बंद कर दिया और फरार हो गए।

छात्रों को दिया भरोसा, फिर ब्लॉक किए नंबर

जांच में सामने आया है कि जब छात्रों ने कोचिंग बंद होने के बाद संपर्क किया, तो संचालक दंपति ने उन्हें “जल्द क्लास शुरू करने” का भरोसा देकर कई दिनों तक बहलाया।
इसके बाद दोनों ने सभी छात्रों के नंबर ब्लॉक कर दिए और संस्थान को स्थायी रूप से बंद कर दिया।

परेशान छात्रों ने आखिरकार 25 नवंबर 2024 को सरस्वती नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

लगभग एक साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही दोनों पति-पत्नी फरार थे।
सरस्वती नगर पुलिस की टीम लगातार उनकी तलाश में थी।
करीब एक साल की खोजबीन के बाद पुलिस ने आखिरकार पवन टांडेश्वर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसकी पत्नी रूबी मजूमदार अब भी फरार है।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

फैकल्टी को भी लगाया चूना

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि संचालक ने केवल छात्रों को ही नहीं बल्कि कोचिंग के फैकल्टी सदस्यों को भी धोखा दिया।
उसने शिक्षकों की सैलरी के लिए चेक दिए, लेकिन बैंक में जमा करने पर सिग्नेचर मिसमैच होने से सभी चेक बाउंस हो गए।

इस पर कई शिक्षकों ने भी अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई हैं।

पुलिस कर रही फरार पत्नी की तलाश

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और उसकी पत्नी की तलाश जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही रूबी मजूमदार को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।