दुर्गा विसर्जन में डीजे के गाने पर विवाद, युवक के गले पर चाकू से हमला; हालत गंभीर

 दुर्गा विसर्जन में डीजे के गाने पर विवाद, युवक के गले पर चाकू से हमला; हालत गंभीर

भिलाई के रुआबांदा में देर रात हुई वारदात, एक आरोपी गिरफ्तार; अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

दुर्ग/भिलाई। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। भिलाई के रुआबांदा क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान एक युवक के गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

गाने को लेकर कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, दुर्गा विसर्जन के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान जय और उसके नाबालिग भाई ने सागर तथा गणपत के साथ मारपीट की। इसी बीच जय ने महानंद के गले पर धारदार हथियार से वार कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

हमले में घायल महानंद को तत्काल उपचार के लिए सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, रुआबांदा में युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।