“स्वच्छता अभियान में झाड़ू लेकर उतरे वार्डवासी, पार्षद मनीष वर्मा ने कचरा कलेक्शन व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग”
गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर पदुम नगर गेट से पंचमुखी हनुमान मंदिर तक चलाया गया सफाई अभियान
पदुम नगर। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर वार्ड क्रमांक 19 स्थित पदुम नगर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में पार्षद मनीष वर्मा के साथ बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने सहभागिता की। पदुम नगर गेट से लेकर पंचमुखी हनुमान मंदिर तक सड़क किनारे झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की गई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पार्षद एवं वार्डवासियों ने आसपास के दुकानदारों से दुकानों के सामने गंदगी नहीं फैलाने की अपील की। साथ ही दुकानदारों को अपनी-अपनी दुकानों के सामने डस्टबिन रखने की सलाह दी गई, ताकि दुकानों से निकलने वाला कचरा तथा ग्राहकों द्वारा फेंका जाने वाला कचरा इधर-उधर न बिखरे।
पार्षद मनीष वर्मा ने वार्डवासियों से भी अपने घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वार्ड बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाता है तो उसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से करने की अपील की गई।
कचरा कलेक्शन को लेकर वार्डवासियों ने बताई समस्या
स्वच्छता अभियान के दौरान वार्ड के कुछ लोगों ने पार्षद को बताया कि कई घरों में कचरा संग्रहण वाहन प्रतिदिन नहीं पहुंचता, जिसके कारण घरों से निकलने वाले कचरे के निपटारे में परेशानी होती है।
वार्डवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पार्षद मनीष वर्मा ने नगर निगम के स्वच्छता अधिकारी बिनू वर्मा एवं सुपरवाइजर साहू जी से चर्चा की। उन्होंने वार्ड के सभी घरों से प्रतिदिन नियमित रूप से कचरा संग्रहण कराने तथा वार्ड की सभी सड़कों पर नियमित झाड़ू लगवाने की मांग रखी।
इस पर स्वच्छता अधिकारी बिनू वर्मा ने पदुम नगर के सभी क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
वार्डवासियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
स्वच्छता अभियान के दौरान लोगों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया। अभियान के माध्यम से यह भी संदेश दिया गया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें और घर-दुकान से निकलने वाले कचरे को निर्धारित स्थान अथवा कचरा संग्रहण वाहन में ही दें।
स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में दुलारी वर्मा, संजय शर्मा, सरिता सिंह, माला मेश्राम, मनोज तिवारी, पी. संतोष, कल्पना खोबरागड़े, मुरलीधर चंदवानी, नीतेश कुमार सिंह, आशीष चौधरी, ममता रनौरे, योगिता सोनी, धनेश्वरी, पूर्णिमा, पूनम सिंह, दीपक ढोले सहित वार्ड के अन्य नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही।



