नवरात्रि से पहले निगम अलर्ट: मां चंडी मंदिर मार्ग का महापौर ने किया निरीक्षण, क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत के निर्देश
राइजिंग पाइपलाइन कनेक्शन से प्रभावित हिस्सों को दुरुस्त करने कहा; श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन को प्राथमिकता
दुर्ग। नवरात्रि पर्व के दौरान मां चंडी मंदिर में बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को लेकर नगर पालिक निगम प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में महापौर अलका बाघमार ने शनिवार को मान होटल से लेकर मां चंडी मंदिर तक सड़क एवं आवागमन व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए राइजिंग पाइपलाइन कनेक्शन के कारण क्षतिग्रस्त हुए हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर अलका बाघमार के साथ सभापति श्याम शर्मा एवं निगम कमिश्नर लीना कोसम मौजूद रहीं। वहीं लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, नीलेश अग्रवाल, रंजीता पाटिल, जितेंद्र महोविया, जितेंद्र ताम्रकर, भवन अधिकारी प्रकाश चंद्र थवानी, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता एवं उप अभियंता विनोद मांझी सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
पाइपलाइन कनेक्शन के बाद सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महापौर को बताया कि क्षेत्र में राइजिंग पाइपलाइन का कनेक्शन डाले जाने के कारण सड़क किनारे कुछ स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। महापौर ने मौके पर सड़क की स्थिति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि क्षतिग्रस्त हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए, ताकि नवरात्रि के दौरान मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
नंगे पैर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का पर्व है। मां चंडी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिनमें कई भक्त नंगे पैर मंदिर जाते हैं। ऐसे में सड़क पर गड्ढे, टूटे हिस्से या निर्माण कार्य से संबंधित अव्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क को इस तरह व्यवस्थित किया जाए कि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। उन्होंने पाइपलाइन कार्य के कारण हुए डेमेज की तत्काल मरम्मत कराने तथा मंदिर मार्ग को आवागमन के अनुकूल बनाने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर भी रहेगी नजर
नवरात्रि के दौरान मंदिर मार्ग पर साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी महापौर ने संबंधित अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व शुरू होने से पहले सड़क, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित कर लिया जाए, ताकि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण मिल सके।
महापौर ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नवरात्रि के दौरान मां चंडी मंदिर आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि प्रारंभ होने से पहले सभी जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें और मंदिर मार्ग की व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखें।



