6 घंटे से भी कम समय में चोरी की दोनों बाइक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार; दो नाबालिग भी पकड़े गए, स्टेशन चौक कुम्हारी से दिनदहाड़े चोरी हुई थी बाइक

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई

दुर्ग। कुम्हारी में दिनदहाड़े मोटर सायकल चोरी की घटना के बाद दुर्ग पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 6 घंटे से भी कम समय में चोरी की गई मोटर सायकल बरामद कर ली। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुम्हारी और भिलाई-03 क्षेत्र से चोरी की गई दो स्प्लेंडर मोटर सायकल बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को करीब 3 बजे स्टेशन चौक कुम्हारी स्थित एक क्लॉथ स्टोर के सामने से मोटर सायकल CG 04 HR 5540 को तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ले जाने की सूचना पुलिस को मिली। शिकायत पर थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 303(2), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से खुला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कुम्हारी पुलिस ने तत्काल घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस टीम की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप घटना के 6 घंटे से भी कम समय में संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में मुख्य आरोपी भगवती यादव (27 वर्ष), निवासी परसहरा, थाना पुरानी भिलाई, जिला दुर्ग और दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता सामने आई।

भिलाई-03 से भी चोरी की थी बाइक

पूछताछ के दौरान आरोपियों से पुलिस को एक अन्य मोटर सायकल चोरी के मामले का भी पता चला। जांच में सामने आया कि 1 सितंबर 2026 को वसुधरा नगर, भिलाई-03 से मोटर सायकल स्प्लेंडर क्रमांक CG 07 AS 9884 चोरी की गई थी।

पुलिस के अनुसार, चोरी की गई इस मोटर सायकल का इस्तेमाल क्षेत्र में घूमकर रेकी करने तथा अन्य स्थानों पर आवागमन के लिए किया जा रहा था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों चोरी की मोटर सायकल बरामद कर विधिवत जब्त कर ली।

रेकी के बाद सार्वजनिक स्थानों से करते थे बाइक चोरी

पुलिस जांच में आरोपियों का मॉडस ऑपरेंडी भी सामने आया है। आरोपी मोटर सायकल से अलग-अलग इलाकों में घूमकर ऐसे स्थानों की रेकी करते थे, जहां वाहन असुरक्षित तरीके से खड़े रहते थे। मौका मिलते ही सार्वजनिक स्थानों से मोटर सायकल चोरी कर ली जाती थी। चोरी किए गए वाहनों का इस्तेमाल आगे की रेकी और आवागमन के लिए किया जाता था।

आरोपी न्यायालय और बालक किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश

मामले में आरोपी भगवती यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। वहीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। इसके अलावा भिलाई-03 थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 475/2026 में भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटर सायकल बरामद की हैं—

  • हीरो स्प्लेंडर – CG 04 HR 5540
  • हीरो स्प्लेंडर – CG 07 AS 9884

कुम्हारी और भिलाई-03 पुलिस की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना कुम्हारी एवं भिलाई-03 पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तेजी से पतासाजी करते हुए कम समय में चोरी की दोनों मोटर सायकल बरामद कर लीं।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर ही खड़ा करें। वाहन खड़ा करते समय हैंडल लॉक सहित अन्य सुरक्षा उपायों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने अथवा वाहन चोरी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।