भिलाई-3 चरोदा में डेंगू और स्वाइन फ्लू की दस्तक, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
दो इलाकों में डोर-टू-डोर सर्वे शुरू, 35 घरों की जांच; संदिग्ध मरीज को स्वास्थ्य केंद्र में जांच की सलाह
भिलाई-3/ भिलाई-3 चरोदा क्षेत्र में डेंगू और स्वाइन फ्लू के मरीजों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। संक्रमण की रोकथाम और संभावित मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दो विशेष टीमों का गठन कर नवीन नगर चरोदा और पूर्व पंचशील नगर चरोदा में डोर-टू-डोर सर्वेक्षण शुरू कराया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रही हैं और बुखार, सर्दी-जुकाम तथा खांसी जैसे लक्षण वाले मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 के चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने बताया कि क्षेत्र में डेंगू और स्वाइन फ्लू के मामलों की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि डेंगू जांच के लिए रैपिड टेस्ट किट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। वहीं बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी से संबंधित आवश्यक दवाएं भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध हैं।
डेंगू मरीज के परिवार की कराई गई जांच
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संभावित डेंगू प्रभावित क्षेत्र पूर्व पंचशील नगर में घर-घर जाकर सर्वे किया। शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम चरोदा-भिलाई-3 के बीईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि डेंगू से पीड़ित मरीज के परिवार से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुलाकात की और परिवार के सभी सदस्यों की रैपिड किट से जांच कराई गई।
जांच के दौरान एक महिला की रैपिड किट रिपोर्ट संदिग्ध आने पर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही नहीं बरतने और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान आज कुल 35 घरों का सर्वेक्षण किया गया। टीम द्वारा लोगों से उनके स्वास्थ्य संबंधी लक्षणों की जानकारी लेने के साथ ही घर और आसपास के वातावरण में मच्छरों की संभावित उत्पत्ति के स्थानों की भी निगरानी की जा रही है।
दो स्वाइन फ्लू मरीजों में एक डिस्चार्ज
स्वाइन फ्लू के दो मरीजों को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी बनाए हुए है। इनमें से एक मरीज को उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि दूसरा मरीज भी पहले की अपेक्षा बेहतर बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार उसकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार है और संभव है कि उसे भी आज शाम तक डिस्चार्ज कर दिया जाए।
निगम ने शुरू कराया सफाई अभियान
स्वास्थ्य विभाग के सर्वेक्षण के साथ ही नगर निगम भिलाई-चरोदा द्वारा दोनों प्रभावित मोहल्लों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। नालियों की सफाई के साथ उनमें ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया। स्वास्थ्य विभाग और निगम की संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य संक्रमण और मच्छरों के प्रजनन को रोकना है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को मास्क पहनने, नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और घर व आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की सलाह दी है। अधिकारियों ने विशेष रूप से अपील की है कि बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
सर्वेक्षण अभियान में बीईटीओ सैय्यद असलम, एलएचवी श्रीमती आर. विश्वास, स्वास्थ्य कर्मचारी प्रभात यादव, डुमेश्वर यादव, कुमेश साहू सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी और नगर निगम भिलाई-चरोदा का सफाई अमला मौजूद रहा। स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि आगामी दिनों में भी दोनों क्षेत्रों में निगरानी और सर्वेक्षण का सिलसिला जारी रहेगा।



