श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कुम्हारी में निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे राधे-राधे के जयकारे

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कुम्हारी में निकली भव्य शोभायात्रा, गूंजे राधे-राधे के जयकारे

राकेश कुमार की रिपोर्ट

कुम्हारी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर यादव ठेठवार समाज कुम्हारी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा बाजे-गाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजाया गया, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।शोभायात्रा राधा-कृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर लट्टी बाबा चौक, पुरानी हटरी, आजाद चौक, ठेठवार भवन और बाजार चौक होते हुए पुनः राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान समाज के लोगों ने ‘राधे-राधे’ के जयकारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया।

यादव ठेठवार समाज कुम्हारी के अध्यक्ष नेतराम यादव ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण मंदिर में दिनभर रामायण पाठ, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजन किए गए। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद दही लूट एवं मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सुजीत यादव ने बताया कि आयोजन में यादव ठेठवार समाज के पदाधिकारियों के साथ युवा प्रकोष्ठ और महिला प्रकोष्ठ के सदस्यों की भी सक्रिय सहभागिता रही।