झीरम घाटी कांड में 10 आरोपी दोषी करार, 13 साल बाद NIA कोर्ट का बड़ा फैसला

 झीरम घाटी कांड में 10 आरोपी दोषी करार, 13 साल बाद NIA कोर्ट का बड़ा फैसला

राकेश कुमार की रिपोर्ट

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड मामले में करीब 13 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जगदलपुर स्थित विशेष NIA अदालत ने मामले में सुनवाई का सामना कर रहे सभी 10 आरोपियों को दोषी करार दिया है। मामले में पहले 11 आरोपी थे, लेकिन एक आरोपी की सुनवाई के दौरान मौत हो चुकी है।
25 मई 2013 को बस्तर की झीरम घाटी में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के काफिले पर नक्सलियों ने हमला किया था। इस हमले में कांग्रेस के तत्कालीन वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल और पूर्व विधायक उदय मुदलियार समेत कई लोगों की मौत हुई थी। घटना में कुल 32 लोगों की जान गई थी।
मामले की लंबी न्यायिक प्रक्रिया के दौरान अभियोजन पक्ष ने बड़ी संख्या में गवाहों और दस्तावेजों को अदालत के समक्ष पेश किया। अंतिम बहस पूरी होने के बाद अदालत ने आज अपना फैसला सुनाते हुए शेष 10 आरोपियों को दोषी माना।
झीरम घाटी हमला छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे गंभीर नक्सली घटनाओं में शामिल है। फैसले के बाद अब मामले में दोषियों को दी जाने वाली सजा को लेकर अगली कानूनी प्रक्रिया पर नजर रहेगी।