भिलाई में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने निगम आयुक्त का मैदानी निरीक्षण, अधिकारियों को दिए समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश
नेहरू नगर की सीवर लाइन से लेकर हाइजीनिक फूड जोन, जवाहर मार्केट और प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का लिया जायजा
भिलाईनगर। शहर में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई की आयुक्त सुरुचि सिंह ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने नेहरू नगर पूर्व स्थित सीवर लाइन, चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन, पावर हाउस जवाहर मार्केट में प्रस्तावित कार्य तथा वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रीन टाउन के प्रस्तावित कार्यों का निरीक्षण किया।
सीवर लाइन की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण की शुरुआत नेहरू नगर पूर्व की सीवर लाइन से हुई। आयुक्त ने सीवर लाइन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और आवश्यकतानुसार सफाई एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं।
हाइजीनिक फूड जोन का निर्माण जल्द पूरा करने कहा
इसके बाद आयुक्त ने चंद्रा मौर्या के सामने निर्माणाधीन हाइजीनिक फूड जोन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से अब तक हुए कार्य और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।
आयुक्त ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाइजीनिक फूड जोन तैयार होने से नागरिकों को व्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की सुविधा मिलेगी।
जवाहर मार्केट के प्रस्तावित कार्यों को जल्द शुरू करने के निर्देश
पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में प्रस्तावित विकास कार्यों का भी आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रस्तावित कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर विकास कार्य को जल्द प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना और ग्रीन टाउन की भी समीक्षा
आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 22 कुरूद में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रीन टाउन के प्रस्तावित कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रस्तावित कार्यों की स्थिति, आवश्यक मूलभूत सुविधाओं और आगामी कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त डीके को, अमरनाथ दुबे, कुलदीप गुप्ता, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, अरविंद शर्मा, नितेश मेश्राम, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा, उप अभियंता रीमा जामुलकर, अशोक देवांगन, दीपक देवांगन एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, शंकर साहनी, बीरेन्द्र बंजारे सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



