सेक्टर-6 कालीबाड़ी की नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी, डॉ. दीप चटर्जी बने अध्यक्ष

21 सदस्यीय टीम ने लिया पदभार, सांसद विजय बघेल और विधायक देवेंद्र यादव रहे मौजूद; दोनों नेताओं ने किया पौधरोपण

भिलाई। सेक्टर-6 स्थित कालीबाड़ी की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। नई कार्यकारिणी में डॉ. दीप चटर्जी को अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके साथ 21 सदस्यीय नई टीम ने भी पदभार ग्रहण किया। पदग्रहण समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल और भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव बतौर अतिथि शामिल हुए।शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार गठित नई कार्यकारिणी के पदग्रहण समारोह में बंगाली समाज के लोगों, कालीबाड़ी महिला विंग की पदाधिकारियों एवं सदस्यों सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कालीबाड़ी से मेरा पुराना जुड़ाव : सांसद विजय बघेल

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कालीबाड़ी की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने के लिए नई टीम को प्रोत्साहित किया।

सांसद बघेल ने सेक्टर-6 कालीबाड़ी से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि यह परिसर उनके लिए नया नहीं है। उन्होंने बताया कि जब वे सेक्टर-6 की सड़क नंबर 40 में निवास करते थे, तब अक्सर मां काली के दर्शन के लिए कालीबाड़ी आया करते थे। उन्होंने नई कार्यकारिणी को कालीबाड़ी की परंपरा और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

नई टीम भिलाई की सांस्कृतिक विरासत को और मजबूत करेगी : देवेंद्र यादव

भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने भी नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कालीबाड़ी की नई और ऊर्जावान टीम भिलाई की सांस्कृतिक विरासत को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।विधायक ने कहा कि भिलाई की पहचान ही विविधता और आपसी भाईचारे से है। देश के अलग-अलग प्रांतों से आए लोगों ने मिलकर भिलाई को बसाया और इसे अपनी मेहनत से विकसित किया। यहां कई पीढ़ियां गुजर चुकी हैं, लेकिन आज भी विभिन्न समाज और धर्मों के लोग एक-दूसरे के त्योहारों और धार्मिक आयोजनों में उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। यही भिलाई की सांस्कृतिक खूबसूरती है।

मां काली के आशीर्वाद से ईमानदारी और समर्पण से करेंगे काम : डॉ. दीप चटर्जी

नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. दीप चटर्जी ने नई जिम्मेदारी मिलने पर सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 21 सदस्यीय ऊर्जावान टीम के साथ मां काली के आशीर्वाद से कालीबाड़ी की सेवा, विकास और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी कालीबाड़ी के लिए एक नई शुरुआत है और इस जिम्मेदारी को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया जाएगा। उन्होंने समाज के सभी लोगों से नई कार्यकारिणी को सहयोग देने की अपील भी की।

सांसद और विधायक ने किया पौधरोपण

पदग्रहण समारोह के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सांसद विजय बघेल और विधायक देवेंद्र यादव ने कालीबाड़ी परिसर में पौधरोपण किया। दोनों नेताओं ने परिसर को हराभरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।

महिला विंग सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग हुए शामिल

समारोह में कालीबाड़ी महिला विंग की पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। इसके अलावा भिलाई की विभिन्न कालीबाड़ी समितियों के पदाधिकारी और बंगाली समाज के लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि प्रमोद सिंह, भाजपा नेता विजय साहू, समाजसेवी तपन सरकार, विद्युत चौधरी, युवा समाजसेवी सुमन शील, राजा बनर्जी, सुजीत दत्ता, मानस बनर्जी, मौसमी राय, प्रकाश राय, सोनाली सेन, सुप्रभात पाल, भिलाई बंगाली समाज के अध्यक्ष सुधीर राय, सपन घटक, सौरभ दत्त, आशीष नंदी, डेमोन राय, अभिजीत, मानसी सरकार और काजल चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।