पुलिस जवानों की कलाई पर बंधी राखी, विश्व मानवाधिकार परिषद ने जताया सम्मान; दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना

 पुलिस जवानों की कलाई पर बंधी राखी, विश्व मानवाधिकार परिषद ने जताया सम्मान; दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना

रक्षाबंधन पर थाना परिसर में पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी सहित पुलिस जवानों को बांधी राखी

रायपुर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर विश्व मानवाधिकार परिषद के पदाधिकारियों ने थाना परिसर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों और अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और अपनत्व का भाव व्यक्त किया। इस दौरान थाना प्रभारी एवं महिला थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों को राखी बांधी गई तथा उनके दीर्घायु, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।यह आयोजन विश्व मानवाधिकार परिषद छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय अध्यक्ष (लीगल सेल) एवं राष्ट्रीय प्रभारी सुश्री एडवोकेट पायल पोपटानी के मार्गदर्शन में किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस जवान समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। खासकर त्योहारों के दौरान जब अधिकांश लोग अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाते हैं, उस समय भी पुलिसकर्मी सड़कों, चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात रहकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे में पुलिस जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सम्मान प्रकट करने का एक छोटा सा प्रयास है।

संगठन की ओर से कहा गया कि पुलिस और आम जनता के बीच आपसी विश्वास एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं। राखी बांधकर पदाधिकारियों ने जवानों को यह संदेश दिया कि समाज उनकी जिम्मेदारियों और सेवाओं को समझता है तथा उनके साथ खड़ा है।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कुलवंत सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुश्री सरोज सिंह नांगवशी, प्रदेश आरटीआई सेल सचिव के. किशोर, प्रदेश महासचिव नवल किशोर अत्रोलिया एवं जिलाध्यक्ष (महिला विंग) के. अरुणा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों ने भी संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने थाना परिसर में पारिवारिक और आत्मीय माहौल बना दिया तथा पुलिस एवं समाज के बीच सम्मान और सद्भाव का सकारात्मक संदेश दिया।