बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फटा, 41 यात्री बाल-बाल बचे; सुरक्षित रनवे पर रोका गया विमान
राकेश कुमार की रिपोर्ट
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान विमान का बायां टायर फट गया। अचानक हुई इस तकनीकी घटना से विमान में सवार यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल रहा। हालांकि पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित तरीके से रनवे पर रोक लिया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 दिल्ली से बिलासपुर पहुंची थी। विमान में 37 यात्री और 4 क्रू सदस्य, यानी कुल 41 लोग सवार थे। लैंडिंग के दौरान विमान के बाईं ओर का टायर क्षतिग्रस्त होकर फट गया। इसके बावजूद पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान को रनवे पर सुरक्षित रोक दिया।
तत्काल सक्रिय हुई एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था
विमान के टायर फटने की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद सुरक्षा और संबंधित टीमों को अलर्ट किया गया। विमान के पूरी तरह रुकने के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी 41 लोगों को सुरक्षित टर्मिनल भवन तक पहुंचाया गया।
घटना के बाद यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा, लेकिन किसी प्रकार की अनहोनी नहीं होने से सभी ने राहत की सांस ली। घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
आगे की उड़ान रद्द, तकनीकी जांच शुरू
विमान में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद उसकी आगे की उड़ान रद्द कर दी गई। संबंधित तकनीकी टीम द्वारा विमान और क्षतिग्रस्त टायर की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर टायर फटने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल विमान को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और एयरपोर्ट की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों ने राहत की सांस ली।



