नेपाल में बाढ़ का कहर: 469 लोगों की मौत, सैकड़ों अब भी लापता, राहत-बचाव अभियान जारी
राकेश कुमार की रिपोर्ट
नेपाल में ग्लेशियर ढहने के बाद आई अचानक बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से अब तक 469 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रभावित इलाकों में सेना और सुरक्षा बलों की टीमें लगातार खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं।
नेपाल-चीन सीमा के आसपास अचानक पानी और मलबे का तेज बहाव आने से कई सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हुए हैं। इससे राहत टीमों को प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
आपदा के बाद एक और खतरा सामने आया है। मलबे के कारण बनी झील में पानी बढ़ने की सूचना के बीच अधिकारियों ने दोबारा बाढ़ आने की आशंका जताई है। खतरे को देखते हुए कुछ इलाकों में बचाव गतिविधियों को भी अस्थायी रूप से रोकना पड़ा है।
नेपाल में सेना, पुलिस और स्थानीय बचाव दल फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। कई स्थानों पर हेलीकॉप्टरों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। आपदा के कारण प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।



