कुम्हारी में गूंजा जुलूस-ए-मोहम्मदिया, भाईचारे और अमन का दिया पैगाम
ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम समाज ने निकाला भव्य जुलूस, पुलिस जवानों को फूल-गुलदस्ते भेंट कर जताया आभार
राकेश कुमार की रिपोर्ट
कुम्हारी। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिन के पाक और मुबारक मौके पर बुधवार को कुम्हारी नगर में ईद मिलादुन्नबी का पर्व हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर की गरीब नवाज मस्जिद, डंगनिया तालाब और डीएमसी तालाब स्थित गौसिया मस्जिद से जुड़े मुस्लिम समाज के लोगों ने मिलकर जुलूस-ए-मोहम्मदिया निकाला। इमाम साहब की देखरेख में निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में जमाती शामिल हुए और पूरे मार्ग में अमन, भाईचारे एवं सौहार्द का संदेश दिया।
ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर स्टेशन चौक ओवरब्रिज के नीचे आम लंगर का आयोजन किया गया, जहां लोगों को पूरी-सब्जी का प्रसाद स्वरूप वितरण किया गया। लंगर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर सहभागिता की।
इसके बाद गौसिया मस्जिद डीएमसी तालाब पार से जुलूस प्रारंभ हुआ, जो स्टेशन चौक पहुंचा। वहीं गरीब नवाज मस्जिद से निकला जुलूस भी स्टेशन चौक पहुंचा। दोनों जमातों के जुलूस एक साथ होकर महामाया रोड, प्रभात चौक, संजय नगर, वार्ड क्रमांक 6, कांजी हाउस और वार्ड क्रमांक 12 होते हुए वापस डीएमसी तालाब स्थित गौसिया मस्जिद पहुंचे। यहां जश्न-ए-जुलूस के समापन की घोषणा की गई।
जुलूस के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरे मार्ग में अनुशासन और शांति बनाए रखते हुए ईद मिलादुन्नबी की खुशियां साझा कीं। जुलूस में हाफिज अबरार, हाफिज रियाज, मोहम्मद अकबर, मोहम्मद करीम, काजू, नसरू, नसीर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल रहे।
पुलिस जवानों का किया सम्मान
जुलूस के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन में सहयोग देने वाले पुलिस महकमे के जवानों के प्रति मुस्लिम समाज के लोगों ने आभार जताया। जमातियों ने पुलिस जवानों को फूल और गुलदस्ते भेंट कर उनकी सेवाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। इस दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली।
ईद मिलादुन्नबी का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ कुम्हारी की गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और अमन-शांति की भावना को भी मजबूत करने वाला रहा। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास के बीच शांति एवं सद्भाव का वातावरण बना रहा।



