सिटी बस डिपो की केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संचालन व्यवस्था को लेकर दिए जरूरी निर्देश

 सिटी बस डिपो की केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संचालन व्यवस्था को लेकर दिए जरूरी निर्देश

भिलाईनगर। भिलाई में सिटी बस सेवा को बेहतर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में तैयार किए जा रहे नवनिर्मित सिटी बस डिपो का केंद्रीय टीम ने निरीक्षण किया। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संचालक भानुप्रताप सिंह भदौरिया ने नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह एवं केंद्रीय टीम के साथ डी मार्ट के सामने निर्माणाधीन सिटी बस डिपो का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने डिपो में सिटी बसों के संचालन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने सबसे पहले सिटी बसों के ड्राइवर एवं कंडक्टरों के प्रशिक्षण के लिए बनाए गए भवन का अवलोकन किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण भवन में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।इसके बाद टीम ने डिपो परिसर में बसों की पार्किंग व्यवस्था, चार्जिंग प्वाइंट और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने डिपो परिसर में उपलब्ध संसाधनों और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली तथा बस संचालन के दौरान आने वाली आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।

केंद्रीय संचालक भानुप्रताप सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि डिपो परिसर की सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू रहें। उन्होंने सिटी बसों के संचालन से संबंधित सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा यात्रियों के साथ-साथ ड्राइवर एवं कंडक्टरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने की बात कही।संयुक्त टीम ने डिपो में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों की स्थिति का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने सिटी बस सेवा को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, सिटी बस डिपो की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का उद्देश्य बस संचालन को अधिक व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों को सुविधाजनक और सुचारू सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता अजीत तिग्गा, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन, सहायक अभियंता श्वेता वर्मा एवं पलाश वैद्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।