तहसील साहू संघ पाटन की नई कार्यकारिणी घोषित, 140 सामाजिक कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारी
श्रीमती कोमिन साहू महिला संयोजक, गंगादीन साहू न्याय प्रकोष्ठ संयोजक, डीजेंद्र साहू युवा संयोजक और करन साहू बने मीडिया प्रभारी
राकेश कुमार की रिपोर्ट
पाटन। दुर्ग जिले के पाटन तहसील साहू संघ की बहुप्रतीक्षित कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए करीब 140 सामाजिक कार्यकर्ताओं को विभिन्न पदों एवं दायित्वों की जिम्मेदारी सौंपी है। नई कार्यकारिणी में प्रमुख सलाहकारों के साथ-साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक एवं पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
घोषित कार्यकारिणी में युवा संयोजक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इकाई साहू समाज झीट से डीजेंद्र साहू को सौंपी गई है। वहीं न्याय प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी ग्राम असोगा, पाटन निवासी गंगादीन साहू को दी गई है। महिला संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से स्थानीय साहू समाज आगेसरा की श्रीमती कोमिन साहू को महिला संयोजक मनोनीत किया गया है।
इसी क्रम में स्थानीय साहू समाज असोगा के गुमान साहू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्थानीय साहू समाज कौही से करन साहू को मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया है। नई कार्यकारिणी में विभिन्न सामाजिक दायित्वों के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से समाज में उत्साह का माहौल है।
समाजहित में सक्रिय भूमिका की उम्मीद
तहसील साहू संघ पाटन के पदाधिकारियों ने कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन का उद्देश्य समाज को और अधिक संगठित एवं मजबूत बनाना तथा सामाजिक गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाना है। नवनियुक्त पदाधिकारियों से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और संगठन को मजबूती प्रदान करने की अपेक्षा जताई गई है।
नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को तहसील साहू संघ पाटन के अध्यक्ष लालेश्वर साहू, कार्यकारिणी अध्यक्ष दिनेश साहू, उपाध्यक्ष डूलेश्वर साहू एवं श्रीमती विमला साहू, संगठन सचिव सुरेंद्र साहू एवं श्रीमती भूनेश्वरी साहू, महासचिव महेंद्र साहू सहित समाज के वरिष्ठजनों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समाज के वरिष्ठजनों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम सामाजिक एकता, संगठनात्मक मजबूती और समाजहित के कार्यों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



